रायबरेली। जिले में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को शहरी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला समन्वयक और एडीएम (प्रशासन) कार्यालय के एलआरसी सहित 56 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसमें आईटीबीपी डलमऊ, ऐहार, पूरे कोरिन में चार-चार नए मरीज मिले हैं। सभी संक्रमित मरीजों को एल-1 और एल-2 अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। क्षेत्रों को कंटेनमेंट घोषित करके संपर्क में आए लोगों को चिह्नित करने का काम शुरू करा दिया गया है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि सोमवार को जिले में 56 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। शहर में थर्मल स्क्रीनिंग व अन्य कोरोना सुरक्षा कार्यक्रम के सफल संचालन में लगे शहरी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के जिला समन्वयक ने सोमवार को आशंका होने पर कोरोना की जांच कराई तो वे पॉजिटिव पाए गए हैं। एडीएम (प्रशासन) के संक्रमित होने के बाद सोमवार को उनके कार्यालय के भूमि रिकॉर्ड क्लर्क (एलआरसी) की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ गई है। दोनों लोगों को होम आइसोलेट कराया गया है।
उन्होंने बताया कि सोमवार को जांच में आईटीबीपी डलमऊ, ऐहार व पूरे कोरिन में चार-चार मरीज मिले हैं। सहजौरा, एनटीपीसी, राजकीय कॉलोनी, निराला नगर, पूरे जमाल में दो-दो और शास्त्री नगर में तीन मरीज मिले हैं। इसके अलावा लालगंज अझारा, अटेहा, कोरिहर, एचडीएफसी टिकरिया, एकता विहार, सेरनी, समरदहा, मंचितपुर, घंटाघर, हरचंदपुर, मधुपुरी, साकेतनगर, बहादुरपुर, पुलिस लाइन, सीएचसी शिवगढ़, गुरुबख्शगंज थाना आदि क्षेत्रों में भी कोरोना मरीज मिले हैं। मरीजों को एल-1 और एल-2 अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
बछरावां क्षेत्र में 11 सितंबर को कोरोना संक्रमित पाए गए मरीज ने मिम्स अस्पताल बाराबंकी में दम तोड़ दिया है। इसी के साथ अब तक कोरोना संक्रमित होने के बाद तीन लोगों की मौत हो चुकी है। पटेल नगर के रहने वाले रिटायर्ड दरोगा को 11 सितंबर को ही अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एल-3 अस्पताल में उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे पहले कोटेदार और एक व्यवसायी की भी कोरोना से मौत हो चुकी है।