रायबरेली। जिले में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत एवं जिला पंचायत की ओर से बनाई गई ग्रामीण सड़कों की जल्द सूरत बदलेगी। यह वह सड़कें हैं, जो सालों से बदहाल हैं। बजट के अभाव में सड़कों के नवीनीकरण का कार्य नहीं हो पाया।
अब शासन से इन सड़कों के नवीनीकरण के लिए हरी झंडी मिल गई है। मुख्यमंत्री ने लखनऊ में 54 सड़कों का लोकार्पण किया। अभियंताओं ने नवीनीकरण की कवायद भी शुरू कर दी है। इन सड़कों का नवीनीकरण हो जाने से करीब आठ लाख लोगों को आने-जाने में राहत मिलेगी।
नवीनीकरण में करीब 14 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जिले में जिला पंचायत की ओर से बनी सड़कों की हालत बहुत खराब है। कोई सड़क 10 तो कोई 15 साल से बदहाल है। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कई बार ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन के साथ शिकायत भी की। इसी तरह प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत बनी सड़कें भी ध्वस्त है। शासन ने जिला पंचायत की 21 और प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से बनी 33 सड़कों को दुरुस्त कराने के लिए हरी झंडी दे दी है।
मुख्यमंत्री ने लखनऊ में 54 सड़कों का लोकार्पण किया। सड़कों का नवीनीकरण होने से ग्रामीण अंचलों के लोगों को आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। सबसे ज्यादा छात्र-छात्राओं को फायदा मिलेगा।
प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत बनी 33 सड़कों का शिलान्यास होने के बाद ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। किसी सड़क से 15 तो किसी सड़क से 20 गांवों के लोग आते-जाते हैं। मार्ग बदहाल होने से ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीण राजकुमार, शिवलोचन, मनीराम व शिवराम विश्वकर्मा ने बताया कि सड़कें बदहाल होने से आने-जाने में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सबसे ज्यादा परेशानी रात में आने-जाने वाले लोगों को होती है। आए दिन लोग गिरकर चुटहिल हो जाते हैं। सड़कों का नवीनीकरण होने से ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की 33 सड़कों का नवीनीकरण ग्रामीण अभियंत्रण विभाग कराएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़कों का नवीनीकरण शुरू करा दिया जाएगा। इससे ग्रामीणों को आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। जिला पंचायत अपनी 21 सड़कों का नवीनीकरण कराएगा। -नूर आलम, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग