विधानसभा चुनाव में जीत का ख्वाब देखने वाले काफी प्रत्याशियों को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। यहां तक कि जमानत भी नहीं बचा सके। जिले की छह विधानसभा सीटों के 75 उम्मीदवारों में से 53 ने जमानत नहीं बचा सकी। यहीं नहीं कई ऐसे उम्मीदवार रहे, जो हजार का आंकड़ा भी नहीं छू सके।
जिले के विधानसभा क्षेत्र ऊंचाहार, सलोन, सरेनी, हरचंदपुर, बछरावां और सदर क्षेत्र से 75 उम्मीदवारों ने दावेदारी की थी। चुनाव प्रचार में भी खूब दमखम का प्रदर्शन किया। इसमें पार्टी के साथ ही निर्दलीय प्रत्याशी भी जी-जान से लगे हुए थे।
मतगणना के बाद 53 प्रत्याशियों ने इतने भी मत नहीं पाये कि जमानत बच सके। इसमें सबसे अधिक 11 प्रत्याशियों की जमानत हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र की जब्त हुई है। इसी तरह सदर में 10, सरेनी में 8, बछरावां में 9, सलोन में 7 और ऊंचाहार में 8 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई।
इसके अलावा 29 प्रत्याशी ऐसे रहें, जिन्होंने एक हजार से कम मत पाए। इसमें सबसे अधिक आठ प्रत्याशी सदर विधानसभा क्षेत्र के रहे। इसके अलावा हरचंदपुर और बछरावां विधानसभा क्षेत्र के छह-छह प्रत्याशी, सरेनी और ऊंचाहार में चार-चार, जबकि सलोन में एक प्रत्याशी को एक हजार से कम मत मिला।