रायबरेली। जिले की 980 ग्राम पंचायतों में प्रशासकों की तैनाती के बाद नए कार्य करवाने के लिए प्रस्ताव मांगे गए हैं। जिले के 10 ब्लॉकों के 52 पंचायतों ने नए कार्यों के प्रस्ताव दिए हैं। प्रस्तावों को स्वीकृति के लिए डीएम को भेजा गया है। जल्द ही नए कार्य ग्राम पंचायतों में शुरू कराए जाएंगे।
डीपीआरओ विनय कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायतों में प्रशासकों की तैनाती के साथ ही शासन ने नए कार्यों की स्वीकृति डीएम से लेने के आदेश दिए हैं। ग्राम पंचायतें पुराने काम ही स्वयं करा सकती है। नए कार्यों के लिए उन्हें डीपीआरओ को प्रस्ताव भेजना होगा। उन्होंने बताया कि 10 ब्लॉकाें से 52 कार्यों के प्रस्ताव आए हैं। इन प्रस्तावों को स्वीकृत कराने के लिए पत्रावली डीएम को भेजी जा रही है।
जल्द ही प्रक्रिया पूरी कराकर गांवों में नए काम शुरू कराए जाएंगे। उन्होंने ग्राम पंचायतों को अधिक से अधिक नए कार्यों के प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे गांवों में नए कार्यों को शुरू कराकर विकास कार्यों को बढ़ाया जा सके।