रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र में एक युवक का शव मंगलवार को सई नदी से बरामद हुआ। शव बुरी तरह से जलकुंभी में फंसा हुआ था।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह शव बाहर निकाला। शव बुरी तरह सड़ चुका था। पुलिस की मानें तो युवक 28 मार्च से लापता था।
काफी खोजबीन के बाद भी कुछ पता नहीं चल रहा था। परिवारीजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सीओ सदर गोपीनाथ सोनी ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की पड़ताल की। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवक की मौत की सही वजह सामने आने की बात कह रही है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मटिहा अकबरपुर कछवाह निवासी गुड्डू (40) 28 मार्च को घर से लापता हो गया था। परिवारीजनों ने खोजबीन की थी, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
इस पर सदर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। मंगलवार सुबह मछेछर और इब्राहिमपुर गांव के बीच सई नदी में गुड्डू का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव जलकुंभी में फंसा था।
मुंशीगंज चौकी इंचार्ज लक्ष्मीशंकर द्विवेदी ने आसपास के लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। चौकी इंचार्ज के मुताबिक शव बुरी तरह सड़ चुका था। शरीर पर चोट के निशान भी नहीं दिख रहे हैं।
युवक की पानी में डूबने से मौत होने की आशंका है। उधर, परिवारीजन चंद्रपाल का कहना है कि गुड्डू की मौत कैसे हुई, कुछ समझ में नहीं आ रहा है।
आशंका है कि बेटे की हत्या की गई है। उधर, सीओ का कहना है कि परिवारीजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।