डलमऊ। कोतवाली क्षेत्र के पूरे बद्री सिंह मजरे रसूलपुर धरावां गांव में सोमवार रात नौटंकी देख रहे एक दलित युवक की रास्ते से हटने को लेकर हुए विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर नौटंकी देख रहे लोगों में भगदड़ मच गई। इस दौरान आरोपी मौके से भाग निकले। वारदात से गुस्साए ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया और आरोपियों की बाइक फूंक दी।
सूचना पर एएसपी, सीओ ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की। मृत युवक की बहन की तहरीर पर पुलिस ने तीन हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गांव में तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात कर दी गई है।
पूरे बद्री सिंह मजरे रसूलपुर धरावां निवासी शोभालाल के पुत्र के मुंडन के अवसर पर सोमवार रात गांव में नौटंकी का आयोजन किया गया था। वासुदेव पासी (26) भी नौटंकी देखने गया था।
बताते हैं कि वासुदेव सड़क के किनारे बैठकर नौटंकी देख रहा था। गांव का ही निवासी शानू सिंह, सत्यम सिंह और गदागंज के बासी परान गांव निवासी दीपू सिंह भी नौटंकी देखने पहुंचे थे।
तीनों ने नौटंकी देख रहे वासुदेव से रास्ते से हटने को कहा तो कहासुनी होने लगी। इससे नाराज युवकों ने पहले युवक की पिटाई की और फिर तमंचे से गोली मार दी।
गोली उसके पेट के पास लगी, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर वहां भगदड़ मच गई। इसी बीच आरोपी मौके से भाग निकले।
आननफानन ग्रामीणों ने युवक को सीएचसी डलमऊ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस वारदात से गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों की बाइक को आग के हवाले कर दिया।
खबर मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक शशि शेखर सिंह, क्षेत्राधिकारी विनीत सिंह, कोतवाल लक्ष्मीकांत मिश्र ने गांव पहुंचकर घटना के बारे में जांच की।
सीओ ने बताया कि मृत युवक की बहन मायादेवी की तहरीर पर तीनों हमलावरों के खिलाफ मर्डर का केस दर्ज कर लिया गया है। तनाव को देखते हुए गांव में गदागंज और डलमऊ पुलिस के साथ पीएसी लगाई गई है।