मासूम की मौत, खफा ग्रामीणों ने शव रख जाम किया हाईवे
सिंहपुर-इन्हौंना (रायबरेली)। अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में पिकअप की टक्कर से बच्ची की मौत के बाद खफा ग्रामीणों और परिवारीजनों ने शनिवार को शव रखकर लखनऊ-सुल्तानपुर राजमार्ग जाम कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस चालक को गिरफ्तार नहीं कर रही है। सूचना पर तिलोई एसडीएम व क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस के साथ भी लोगों की तीखी तकरार हुई।
हालांकि किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया। इस दौरान करीब ढाई घंटे तक हाईवे पर आवागमन ठप रहा। करीब पांच किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे मुसाफिरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
चिलौली गांव के अमरीश कुमार प्रजापति की पुत्री मांसी (4) शुक्रवार शाम घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान उधर से गुजर रही चिलौली गांव की पिकअप ने उसे कुचल दिया।
हादसे में बच्ची की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने से खफा ग्रामीणों और परिवारीजनों ने लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया।
हाईवे जाम होने से वाहनों की लंबी लाइन लग गई। उधर, सूचना मिलते ही तिलोई एसडीएम गिरजेश चौधरी व क्षेत्राधिकारी बीनू सिंह मौके पर पहुंचीं।
यहां पर लोगों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। हालांकि सीओ ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर किसी तरह शांत कराया।
क्षेत्राधिकारी ने आश्वासन दिया कि पिकअप चालक को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन पर ग्रामीणों ने मासूम का शव हाईवे से हटाया। इसके बाद आवागमन बहाल हो सका। सीओ का कहना है कि चालक की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।