हाईस्कूल और इंटर में 4058 और ने छोड़ी परीक्षा
रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटर के एग्जाम में नकल पर नकेल कसने से विद्यार्थी परीक्षा से किनारा कस रहे हैं।
महज दो दिन में ही 6,734 ने परीक्षा छोड़ दी है। बुधवार को 4,058 और ने एग्जाम छोड़ दिया है। इस तरह दो दिन में हाईस्कूल के 4,112 और इंटर के 2,622विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है।
जिले के 114 परीक्षा केंद्रों पर मंगलवार को कड़ी सुरक्षा में परीक्षा शुरू हुई। पहले दिन हाईस्कूल में गृह विज्ञान 1,150 और इंटर में कला वर्ग में हिंदी प्रथम प्रश्नपत्र का 1526 ने पेपर छोड़ दिया।
पहले ही दिन दूसरी पाली में इंटर में सामान्य हिंदी की परीक्षा हुई, जिसमें 15,605 में 17,509 बच्चे शामिल हुए। 1,096 ने परीक्षा नहीं दी। इस तरह इंटर में दो दिन में 2,622 ने परीक्षा छोड़ दी।
हाईस्कूल में पहले दिन गृह विज्ञान के पेपर में 1,150 परीक्षार्थी शामिल नहीं हुए थे। दूसरे दिन बुधवार सुबह की पाली में हाईस्कूल में ही हिंदी अनिवार्य व सामान्य हिंदी विषय की परीक्षा में यह संख्या बढ़कर 4,112 हो गई।
परीक्षा में 43,884 स्टूडेंट्स को शामिल होना था, लेकिन 39,764 परीक्षार्थी ही शामिल हुए। इस तरह दो दिन की परीक्षा में हाईस्कूल व इंटर में 6,734 ने परीक्षा छोड़ दी। बताया जाता है कि नकल करते पकड़े जाने पर एफआईआर के आदेश होने के कारण परीक्षार्थी परीक्षा नहीं दे रहे हैं।