10 करोड़ से होगा शहर का कायाकल्प, विकास पर जोर
रायबरेली। नगर पालिका परिषद रायबरेली की बोर्ड की पहली बैठक में शहर का कायाकल्प करने की कार्ययोजना तैयार की गई।
शहर की दलित बस्तियों के साथ ही दूसरे मोहल्लों के कायाकल्प के लिए 10 करोड़ से अधिक के कामों के प्रस्ताव पास किए गए।
बैठक में सदर विधायक अदिति सिंह ने कहा कि शहर का चहुंमुखी विकास कराया जाएगा। हर तरह से शहर को चमकाने का काम किया जाएगा।
शहर में जल्द ही विकास का बदलाव देखने को मिलेगा। शहर के लोगों ने जिस मंशा से पूर्णिमा श्रीवास्तव को अध्यक्ष चुना है, उसे पूरा कराया जाएगा।
नगर पालिका के सभागार में शनिवार को हुई बैठक में पालिका अध्यक्ष पूर्णिमा श्रीवास्तव ने कहा कि विकास कराने में दलित बस्तियों को प्राथमिकता पर रखा जाएगा।
बैठक में वर्ष 2017-18 में 14वें वित्त, राज्य वित्त, बोर्ड फंड आदि मदों में मौजूद करीब 10 करोड़ रुपयों का खर्च करने के लिए प्रस्तावों को पास किया गया।
बैठक में दलित बस्तियों में सड़कों के निर्माण के साथ ही प्रकाश की व्यवस्था के लिए एलईडी लाइट लगाने का प्रस्ताव पास किया गया।
इसके अलावा कूड़ा रखने के लिए डस्टविन व कूड़ा ठेलिया भी खरीदने का प्रस्ताव पास किया गया। कूड़ा कलेक्शन के लिए रिक्शा ट्रालियां भी खरीदी की जाएंगी।
नगर पालिका में उपलब्ध स्क्रैप की नीलामी का भी प्रस्ताव पास करने के साथ ही शहर की सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में सभासद जब्बार, निम्मी, शिव सोनकर, गनेश कुमार, पूनम तिवारी, नीरज, इसरार अहमद, सुनीता देवी, संजय सिंह, फूलचंद्र व कलावती पाल आदि सभासद मौजूद रहे।