फुरसतगंज-ऊंचाहार (रायबरेली)। जायस कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को बेकाबू ट्रक ने एक महिला को रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। उधर, ऊंचाहार थाना क्षेत्र में बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे उस पर महिला समेत दो लोग घायल हो गए।
अमेठी जिले के जामो थाना क्षेत्र के पूरे रानी गांव की रहने वाली सोना (65) की बेटी किरन जायस कस्बे के चौधराना मोहल्ले में ब्याही है। सोना अपनी बेटी के घर आई थी। सुबह नित्य क्रिया के लिए जगदीशपुर मार्ग की तरफ गई थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने सोना को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। हादसे की सूचना पर मृतका का बेटा राजेश कुमार यहां पर पहुंचा। जायस कोतवाल रविंद्र सिंह का कहना है कि हादसे की जांच कराई जा रही है।
उधर, ऊंचाहार थाना क्षेत्र के हटका गांव की रहने वाली शांति देवी (70) अपने रिश्तेदार अजय कुमार निवासी परियावां के साथ शनिवार को बाइक से ऊंचाहर कस्बे से अपने घर जा रही थी। नगर के पुराना पेट्रोल पंप के पास अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई। इससे दोनों जमीन पर गिरकर घायल हो गए। दोनों को सीएचसी पहुंचाया गया।