रायबरेली। जिले में पांच हजार से अधिक राशन कार्ड के आवेदन लंबित पड़े हैं। स्वीकृति न मिलने के कारण पात्र परिवारों को सरकारी राशन योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी ये आवेदन जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) की लॉगिन पर लंबित हैं।
जिले में वर्तमान समय में 5,56,980 राशन कार्डों के माध्यम से 21,89,212 लोगों को हर माह राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। शासन की ओर से पात्र परिवारों को मुफ्त राशन योजना का लाभ देने की व्यवस्था की गई है। इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी आबादी को योजना से जोड़ा जाना है।
राशन कार्ड के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में ऑनलाइन आवेदन के बाद ब्लॉक स्तर पर प्रक्रिया पूरी की जाती है। इसके बाद स्वीकृति के लिए आवेदन डीएसओ की लॉगिन पर भेजे जाते हैं। बड़ी संख्या में आवेदन लंबित होने से नए पात्र परिवार योजना से जुड़ नहीं पा रहे हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्रहमान ने बताया कि राशन कार्ड आवेदनों को समय से स्वीकृत करने का प्रयास किया जाता है। कभी सर्वर की समस्या या कार्यभार अधिक होने के कारण देरी हो जाती है। लंबित आवेदनों का जल्द निस्तारण कराया जाएगा।