महराजगंज माइनर ओवरफ्लो होने से गेहूं के खेत में भरा पानी।
महराजगंज। माइनर उफनाने से पाली गांव के किसानों की परेशानी बढ़ गई है। आसपास के खेतों में पानी भर गया, जिससे करीब 12 किसानों की 50 बीघा गेहूं की फसल जलमग्न हो गई।
शनिवार को सलेथू रजबाहा से निकली महराजगंज माइनर में अचानक पानी का स्तर बढ़ गया। नहर उफनाने से खेत डूब गए। किसान वसीम की सात बीघे, रामनाथ की दो, बृजकिशोर की डेढ़, संतोष मौर्य की दो, पुत्तन सिंह, तेज बहादुर छोटेलाल, रामकेवल, पप्पू, सजीवन, छीटू आदि किसानों के खेत में बोई गेहूं की फसल डूब गई।
किसानों का कहना है कि कई दिनों तक पानी भरने से फसल खराब होने की आशंका है। किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाने की मांग की है। उप जिलाधिकारी गौतम सिंह ने बताया कि माइनर में पानी कम छोड़ने के लिए सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।