रायबरेली। तीन महीने तक कोरोना संकट से जूझ रहे सदर क्षेत्र के 498 लोग अनलॉक-1 में भूखंडों और फ्लैटों के मालिक बन गए हैं। उपनिबंधन कार्यालय सदर में रौनक के साथ ही बैनामों में इजाफा हो गया है। कोरोना सुरक्षा के बंदोबस्त के बीच ही 498 लोगों ने पहुंचकर जमीनों की रजिस्ट्री कराई। लॉकडाउन में तीन महीने सन्नाटे के बाद अनलॉक-1 में विभाग का राजस्व 3.63 करोड़ रुपये बढ़ा।
लॉकडाउन के कारण जमीनों के बैनामे भी ठप हो गए थे। एक जून से शुरू हुए अनलॉक-1 में राहत मिलने के बाद उप निबंधन कार्यालयों में रौनक बढ़ गई। सदर में 30 दिन में 498 लोगों ने पहुंचकर बैनामा कराया। हालांकि बैनामा कराने से पहले सभी को बुकिंग करानी पड़ी। तय समय में कार्यालय पहुंचकर कोरोना से सुरक्षा के मानकों को पूरा कराने के बाद बैनामे की प्रक्रिया पूर्ण कराने के बाद ही प्रवेश मिल। गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग, हैंड सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है।
समाजसेवी और व्यवसायी उमेश सिकरिया ने उप निबंधन कार्यालय सदर में कोरोना सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए सुरक्षा किट मुहैया कराई है। कार्यालय के सैनिटाजेशन के लिए मशीन व हाइपोक्लोराइड दी। साथ ही मास्क, सैनिटाइजर, पीपीई किट सहित अन्य सामग्री दी। किट उपलब्ध होने के बाद रोज सुबह दफ्तर में हाइपोक्लोराइड दवा का छिड़काव कराकर सैनिटाइज कराया जा रहा है।
अनलॉक-1 में बैनामों का काम बढ़ गया है। एक महीने 498 लोगों रजिस्ट्री कराई है। कोरोना के खतरे को देखते हुए सुरक्षा के पर्याप्त बंदोबस्त किए गए हैं। कोरोना से सुरक्षित व्यक्तियों को ही दफ्तर में प्रवेश दिया जा रहा है। दफ्तर को रोजाना सैनिटाइज कराया जा रहा है।- प्रभाष सिंह, रजिस्ट्रार, उप निबंधन कार्यालय सदर