रायबरेली। जिले में 1500 तक की आबादी वाली 43 ग्राम पंचायतों ने स्वयं के स्रोत से अपनी आय बढ़ाई है। इन ग्राम पंचायतों को मुख्यमंत्री प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के लिए चुना गया है। पंचायतों की सूची शासन को भेजी गई है। पंचायतों ने जितनी आय जुटाई है, उसका पांच गुना धन सरकार उन्हें बतौर प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराएगी। इन ग्राम पंचायतों ने 93,216 रुपये की आय अर्जित की है। इसके चलते संबंधित पंचायतों के खातों में 4.66 लाख रुपये की राशि बतौर प्रोत्साहन पहुंचेगी।
ग्राम पंचायतों में जनसेवा केंद्र शुल्क, कूड़ा संग्रहण, तालाब पट्टा, दुकान किराया, जल शुल्क आदि से आय अर्जित करने वाली ग्राम पंचायतों को सरकार से प्रोत्साहन राशि देने के लिए मुख्यमंत्री प्रोत्साहन पुरस्कार योजना संचालित की है। डीएम की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने पुरस्कार के लिए 43 ग्राम पंचायतों का चयन किया है। डीपीआरओ सौम्यशील सिंह ने बताया कि चयनित गांवों की सूची शासन को भेजी गई है। इन ग्राम पंचायतों को अर्जित आय की तुलना में पांच गुना अधिक धन मिलेगा। योजना से अधिक से अधिक पंचायतों को प्रोत्साहित कराने का प्रयास किया जा रहा है। (संवाद)