रायबरेली। शहर के रामजीपुरम बस्तेपुर में शिक्षक अभिनव तिवारी के घर में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना हुई। शिक्षक के दूर के रिश्ते में लगने वाले भतीजे चंद्रमौजी उर्फ वैभव तिवारी ने लूटपाट के इरादे से घर में घुसकर उनकी स्वप्निल तिवारी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन शोर सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है।
सलोन के प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षक अभिनव तिवारी शुक्रवार को स्कूल गए थे। बेटी अनुषा तिवारी भी स्कूल पढ़ने गई थी। अनुषा कक्षा नौ में पढ़ती है। घर में अभिनव की पत्नी स्वप्निल तिवारी अकेली थीं। पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे आरोपी वैभव तिवारी ने घर की डोर बेल बजाई। स्वप्निल ने दरवाजा खोला तो सामने वैभव को देखकर उन्होंने उसे अंदर आने दिया। घर में घुसते ही वैभव ने चाय पीने की बात कही, जिस पर स्वप्निल रसोई में चाय बनाने चली गईं। इस बीच, वैभव ने घर के कमरों से जेवर और अन्य कीमती सामान निकालना शुरू कर दिया।
स्वप्निल जब चाय लेकर लौटीं तो उन्होंने वैभव को जेवर हाथ में लिए देखकर विरोध किया। इस पर वैभव ने स्वप्निल से मारपीट शुरू कर दी। स्वप्निल ने हिम्मत नहीं हारी और विरोध करती रहीं। आरोपी ने स्वप्निल की आवाज दबाने के लिए उनका मुंह भी दबाया, लेकिन वह संघर्ष करती रहीं। इस पर वैभव ने स्वप्निल का गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद वह घर से भागने लगा, लेकिन इस बीच शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए। उन्होंने आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी ने लोगों से हाथापाई की, लेकिन मोहल्ले वालों ने उसे भागने नहीं दिया। सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी अरुण कुमार नौहवार व कोतवाल शिव शंकर सिंह ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। स्वप्निल तिवारी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही शिक्षक अभिनव तिवारी बदहवास हो गए।
पति ने दर्ज कराई रिपोर्ट, रिश्तेदारी का फायदा उठाया
शिक्षक अभिनव तिवारी ने कोतवाली में तहरीर दी है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि वैभव तिवारी ने घर में लूटपाट करने के इरादे से घुसकर उनकी पत्नी स्वप्निल की गला दबाकर हत्या की है। मोहल्ले के लोगों के अनुसार, वैभव के पिता संतोष तिवारी और शिक्षक अभिनव का पैतृक गांव करहिया, नवाबगंज, प्रतापगढ़ में है। इसी कारण से वैभव, अभिनव का दूर का रिश्तेदार और भतीजा लगता है। स्वप्निल तिवारी भी वैभव और उसके परिवार को जानती थीं। वर्तमान में वैभव का परिवार भी रामजीपुरम बस्तेपुर में ही रहता है, जिस कारण स्वप्निल को उसकी मंशा का अंदाजा नहीं हो सका और उन्होंने उसे घर के अंदर आने दिया।
सीओ सिटी अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि आरोपी वैभव तिवारी महिला को पूर्व से जानता था और दोनों के परिवार प्रतापगढ़ के एक गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने पुष्टि की कि आरोपी जब घर से जेवर निकाल रहा था तो महिला ने इसका विरोध किया। इस पर आरोपी ने महिला की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी वैभव को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।
मृतका स्वप्निल तिवारी।- फोटो : मृतका स्वप्निल तिवारी।
मृतका स्वप्निल तिवारी।- फोटो : मृतका स्वप्निल तिवारी।