रायबरेली जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की लगी भीड़।
रायबरेली। जिले में मौसम में बदलाव के कारण बीमारियों का खतरा कम नहीं हो रहा है। बृहस्पतिवार को भी जिला अस्पताल की ओपीडी में 1800 से अधिक मरीज इलाज कराने के लिए पहुंचे। इसमें कुत्तों के हमले का शिकार हुए 42 से अधिक मरीज एंटी रैबीज वेनम (एआरवी) लगवाने के लिए पहुंचे। नए पुराने 190 लोगों ने एआरवी लगवाई। उधर, मेडिसिन और हृदय रोग विभाग में सबसे ज्यादा भीड़ रही। सांस और सीने में दर्द की समस्या के 25 से अधिक मरीजों को भर्ती करके इलाज शुरू किया गया।
बृहस्पतिवार की सुबह से ही जिला अस्पताल की ओपीडी में भीड़ रही। परचा बनवाने के बाद ओपीडी कक्षों के बाहर मरीजों ने बारी आने का इंतजार किया। दवा लेने के लिए भी मरीजों को लंबी लाइन लगानी पड़ी। कुत्तों के हमले में शिकार हुए राकेश (33), अंतिमा (22), सतीश (33), राम कुमार (52), राज कुमारी (53), संजीव कुमार (44), अमरेश कुमार (34), राधा देवी (33), शकुंतला (33) समेत 42 से अधिक नए रोगी एआरवी लगवाने के लिए पहुंचे। ओपीडी में चिकित्सक डॉ. सौरभ शर्मा से चिकित्सीय सलाह लेने के लिए लोगों ने इंजेक्शन कक्ष में एआरवी लगवाई। इमरजेंसी में बृहस्पतिवार को भी सांस और सीने में दर्द की समस्या के सबसे ज्सादा मरीज पहुंचे।