जायस (रायबरेली)। अमेठी जिले की नगर पालिका जायस की बैठक मंगलवार को हुई। नगर पालिका के सभासदों ने बैठक का बहिष्कार किया। मात्र पांच सभासद ही बैठक में शामिल हुए। सभासदों के बहिष्कार के कारण विकास कार्यों पर विचार विमर्श नहीं हो सक। अधिशासी अधिकारी भी कुछ देर रुकने के बाद जिला मुख्यालय चली गईं।
अध्यक्ष महेश प्रताप सोनकर ने मंगलवार को वर्ष 2019-20 के बजट, राजवित्त आयोग व चौदहवें वित्त आयोग से प्राप्त धनराशि से कराए जाने वाले कार्यों पर विचार सहित अन्य कार्यों की समीक्षा के लिए बैठक बुलाई। सभासदों ने गत सोमवार को ही नगर पालिका अध्यक्ष व डीएम अमेठी को पत्र देकर बोर्ड की बैठक का बहिष्कार कर दिया था।
सभासद निजामुद्दीन, मो. सकील, सब्बीर अहमद, परवीन बानों, निकहत फातिमा, मो. मेराज, खलिककुन निशां, मो. कामिल, विनय कुमार, अंजुम आरा, रजिया निशात, राज कुमार, सकीला बानों, अशोक कुमार, संदीप कुमार आदि का आरोप है कि बोर्ड बैठक की सूचना सभासदों को 22 व 23 फरवरी को दी गई, जबकि एक्ट के अनुसार, सात दिन पहले सूचना देनी चाहिए थी।
अधिशाषी अधिकारी प्रियंका मिश्रा नगर पालिका पहुंची थीं, लेकिन थोड़ी देर बाद वे भी जिला मुख्यालय अमेठी चली गईं। अध्यक्ष महेश प्रताप सोनकर का कहना है कि बजट का ब्यौरा 31 मार्च के बाद सभासदों को उपलब्ध करा दिया जाएगा। पालिका अध्यक्ष का कहना है कि सभासद जब बजट नहीं पास करेंगे तो नगर का विकास कार्य या जलापूर्ति समस्या का समाधान कैसे संभव होगा।