जगतपुर (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में लखनऊ-प्रयागराज राजमार्ग पर जगतपुर चौराहे के पास रविवार की रात बेकाबू ट्रक ने बोलेरो सवार पांच लोगों को रौंद दिया, जिसमें एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। हादसे के चलते आवागमन भी कुछ देर प्रभावित रहा। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
अमेठी जिले के गहरवाल गांव निवासी विनोद कुमार मिश्रा (60), दिशा मिश्रा (17) पुत्री संतोष मिश्रा, अमिता मिश्रा (45) पत्नी संतोष मिश्रा, अभिनव मिश्र (12) और कंचन शुक्ला (33) पत्नी प्रवीण कुमार शुक्ला बोलेरो पर सवार होकर कुंभ स्नान के लिए जा रहे थे। लखनऊ-प्रयागराज राजमार्ग पर जगतपुर चौराहे के पास पीछे से इलाहाबाद की तरफ जा रहे ट्रक ने कार में टक्कर मार दी, जिससे बोलेरो सवार सभी लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर कार्यवाहक एसओ राम प्रसाद प्रेमी मौके पर पहुंचे और बोलेरो सवार सभी लोगों को बाहर निकाला। इसमें गंभीर रूप से घायल विनोद कुुमार और दिशा मिश्रा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां पर विनोद कुमार को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं अमिता और अभिनव का सीएचसी जगतपुर में इलाज किया गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है।