डलमऊ। कोतवाली क्षेत्र के पूरे बद्री सिंह मजरे रसूलपुर गांव में दलित युवक की हत्या के बाद से सन्नाटा पसरा है। गांव में पुलिस-पीएसी का पहरा बैठा दिया गया है।
पुलिस ने बुधवार को दबिश देकर हत्याकांड में शामिल एक आरोपी शानू सिंह को एक जंगल के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
आरोपी शानू रिटायर्ड पुलिस कर्मी का बेटा है। घटना में शामिल अन्य दो आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
पूरे बद्री सिंह मजरे रसूलपुर धरावां गांव में सोमवार रात नौटंकी देखने के दौरान रास्ते के विवाद को लेकर वासुदेव पासी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों की बाइक फूंक दी थी। मृत युवक की बहन मायादेवी की तहरीर पर पुलिस ने गांव के रहने वालेशानू सिंह, सत्यम सिंह और गदागंज थाना क्षेत्र के बासी परान गांव निवासी दीपू सिंह के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी।
उधर, सीओ डलमऊ विनीत सिंह, कोतवाल लक्ष्मीकांत मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ दबिश देकर इकडला गांव स्थित जंगल से आरोपी शानू सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
सीओ ने बताया कि शानू को जेल भेज दिया गया है। वह रिटायर्ड पुलिस कर्मी नन्हें सिंह का बेटा है। अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोतवाल की अगुवाई टीम बनाकर छापेमारी की जा रही है। जल्द अन्य दो आरोपियों को भी जेल भेजा जाएगा।