रायबरेली। उप संभागीय परिवहन विभाग की ओर से वाहन मालिकों को 20 जुलाई से सहूलियत दी जाएगी। अब रोज व्यवसायिक गाड़ियों की फिटनेस कराने के लिए शहर के गोराबाजार स्थित मैदान में वाहनों का परीक्षण किया जाएगा। यहां परीक्षण कराने के लिए वाहन को एआरटीओ कार्यालय नहीं ले जाना होगा। फिटनेस के लिए जांच तो रोज सुबह दस से 12 बजे तक होगी, लेकिन हैवी डीएल बनवाने के लिए हर शुक्रवार को यहां टेस्ट भी लिया जाएगा।
एआरटीओ कार्यालय शहर से 10 किलोमीटर दूर होने के कारण वाहन मालिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। डीएम से अनुमोदन लेने के बाद एआरटीओ (प्रशासन) संजय कुमार तिवारी ने अब शहर में ही वाहनों के परीक्षण की व्यवस्था कर दी है। शहर के गोराबाजार में रोज दो घंटे का कैंप लगाया जाएगा। यहीं पर वाहनों का परीक्षण होने के बाद फिटनेस के लिए फीस कटवाई जा सकेगी। एआरटीओ ने बताया कि रोज सुबह 10 से 12 बजे तक गोराबाजार में वाहनों का परीक्षण किया जाएगा। परीक्षण के बाद एआरटीओ कार्यालय वाहन लाना नहीं पडे़ेगा।