पांच मेडिकल स्टोरों पर छापा, दो दवाओं के नमूने भरे
रायबरेली। दवा बिक्री में मनमानी रोकने के लिए औषधि निरीक्षक ने बुधवार को ऊंचाहार तहसील क्षेत्र के पांच मेडिकल स्टोरों पर ताबड़तोड़ छापे मारे। इस दौरान मेडिकल स्टोरों में खामियां ही खामियां मिलीं।
कैश मेमो के साथ ही दवाओं के बिल वाउचर नहीं मिले। इस पर डीआई ने फटकार लगाई। इस दौरान एक मेडिकल स्टोर से दवाओं को दो नमूने भरे गए। खामियां मिलने पर मेडिकल स्टोर संचालकों को नोटिस जारी किया जाएगा।
डीआई दीपक शर्मा ने बुधवार को सबसे पहले ऊंचाहार तहसील क्षेत्र के जमुनापुर स्थित संजय मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। यहां पर कैश मेमो नहीं मिला।
इस पर डीआई नाराजगी जताई। साथ ही नेमोलेड व साबुट टैबलेट का नमूना भरा। पास ही स्थित चौरसिया मेडिकल स्टोर पर छापा मारा तो वहां दवा के बिल वाउचर सही नहीं मिले। कैश मेमो भी नहीं मिला।
यश मेडिकल स्टोर पर भी छापा मारा गया, मगर वहां कोई कमी नहीं पाई गई। इसके बाद डीआई ने मतीनगंज स्थित अखिलेश मेडिकल स्टोर और राजेश मेडिकल स्टोर पर छापा मारा।
इन दोनों मेडिकल स्टोरों में तमाम खामियां मिलीं। कैश मेमो के साथ ही दवाओं के बिल वाउचर ठीक नहीं मिले।
डीआई ने बताया कि, शिकायत मिलने पर पांच मेडिकल स्टोरों पर छापा मारकर दो दवाओं के नमूने भरे गए हैं। नोटिस जारी करके जवाब तलब किया गया है। दवाओं की बिक्री में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।