राइसमिल में एसडीएम का छापा, 500 क्विंटल गेहूं बरामद
अमावां (रायबरेली)। एसडीएम सदर गौरव शुक्ला ने रसेहता गांव स्थित राइसमिल में छापा मारकर एक हजार बोरियों में भरा करीब 500 क्विंटल गेहूं बरामद किया है।
गेहूं सरकारी बोरियों में भरा था। इसके अलावा सरकारी बोरियों की तीन गांठों के साथ ही स्टेंसिल व अन्य सामान भी बरामद हुआ है।
बरामद गेहूं को कब्जे में लेकर अमावां के सरकारी गोदाम में रखवाने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही एसडीएम ने मिल के मालिक और तीनों गेहूं क्रय केंद्रों के प्रभारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
एसडीएम सदर ने लगातार मिल रहीं शिकायतों के आधार पर शुक्रवार को अमावां ब्लॉक के रसेहता गांव स्थित चौहान इंडस्ट्री पर छापा मारा।
इस दौरान राइसमिल के गोदाम में सरकारी बोरियों में भरा करीब 500 क्विंटल गेहूं बरामद हुआ। साथ ही यहां से 15 सौ सरकारी खाली बोरे भी बरामद हुए हैं।
एसडीएम ने बताया कि जांच में पता चला है कि आरएफसी, दुसौती और लोधवामऊ के क्रय केंद्रों के स्टैंसिल पर राइस मिल में गेहूं खरीदा जा रहा था।
इससे किसानों को उनकी उपज का पूरा दाम नहीं मिल पा रहा है। एसडीएम के छापे के बाद राइस मिल में अफरातफरी मच गई।
एसडीएम ने राइसमिल से सरकारी गेहूं खरीद के संबंध में अन्य सामग्री भी बरामद की। एसडीएम ने मिल मालिक के साथ ही तीनों गेहूं खरीद केंद्रों के प्रभारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए हैं।