खाद की 232 दुकानों के लाइसेंस निलंबित
रायबरेली। पॉइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीन से खाद वितरण करने में आनाकानी करने वाले खाद के 232 व्यापारियों की दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। इन दुकानदारों ने अब तक विभाग से पीओएस मशीन रिसीव करके खाद का वितरण नहीं शुरू किया है।
दुकानदारों को सात दिन के अंदर मशीन रिसीव करने के आदेश दिए गए हैं। ऐसा नहीं करने पर खाद की दुकानों के लाइसेंसों को निरस्त कर दिया जाएगा। कृषि विभाग से हुई कार्रवाई के बाद मनमानी करने वाले खाद विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है।
जिले में खाद की 1126 दुकानें हैं। सभी दुकानों पर पीओएस मशीन की व्यवस्था के लिए शासन से मशीनें मुहैया कराई गई हैं। अब तक 894 दुकानदारों ने कृषि विभाग से पीओएस मशीन रिसीव करके खाद का वितरण शुरू कर दिया है, मगर कई बार निर्देश के बाद भी 332 दुकानदारों ने विभाग से मशीन तक रिसीव नहीं की है।
इससे शासन की मंशा पूरी नहीं हो पा रही है। इन दुकानदारों को कई बार निर्देशित किया गया, लेकिन इन्होंने मशीन से खाद का वितरण शुरू नहीं किया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला कृषि अधिकारी ने इन सभी 232 खाद की दुकानों के लाइसेंसों को निलंबित कर दिया है। साथ ही एक सप्ताह का समय दिया है कि पीओएस मशीनें कार्यालय से रिसीव कर लें। ऐसा नहीं करने पर एक सप्ताह बाद खाद की दुकान के लाइसेंस निरस्त कर दिए जाएंगे। विभाग के गंभीर होने के बाद दुकानदारों में हड़कंप मच गया है। हालांकि विभाग ने पहले ही इन दुकानों की खाद की आपूर्ति रोक दी है।
पीओएस मशीन से खाद वितरण नहीं करने वाले 18 एग्री जंक्शन व 34 समितियों के लाइसेंसों को भी निलंबित किया गया है। महरानीगंज, बाबूगंज बाजार, हलोर, गोलहा, सेहंगों, गदागंज, थुलवासा, इटौरा बुजुर्ग, बरुआ चौराहा, घोरवारा, सराय मुबारक, इचौली, भदोखर आदि एग्री जंक्शन के खाद के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
इसके अलावा साधन सहकारी समितियां मूसापुर, कोंसा, बहाई, मीठापुर, गजियापुर, हरचंदपुर, दरीबा, गोविंदपुर, रूपामऊ आदि के भी खाद के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। खाद की 200 से अधिक निजी दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
जिला कृषि अधिकारी रविचंद्र प्रकाश का कहना है कि, जिले में 1126 दुकानदारों में से अब तक 894 दुकानदार ही पीओएस मशीन लेकर उससे खाद का वितरण कर रहे हैं। 232 दुकानदारों ने अब तक मशीन ही नहीं रिसीब की है।
इन सभी की खाद आपूर्ति पहले ही रोकी गई है। अब दुकानों के लाइसेंसों को निलंबित किया गया है। एक सप्ताह का समय दिया गया है। इसकेे बाद लाइसेंस निरस्त कर दिए जाएंगे।