15 जुलाई तक शुरू होगी एम्स की ओपीडी
रायबरेली। दरियापुर स्थित एम्स की ओपीडी जुलाई से शुरू कराने के लिए सोमवार को शासन स्तर पर प्रमुख सचिव ने अधिकारियों के साथ बैठक की। प्रमुख सचिव ने जिला प्रशासन को ओपीडी शुरू कराने में आ रही समस्याएं दूर कराने के निर्देश दिए।
वहीं, एम्स में डॉक्टरों और अन्य स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया भी जुलाई के पहले सप्ताह तक पूरी कराने के आदेश दिए गए। उम्मीद जताई गई कि 15 जुलाई तक एम्स की ओपीडी शुरू करा दी जाएगी।
शहर से सटे दरियापुर में दिल्ली एम्स की तरह इलाज की सुविधा देने की कवायद चल रही है। एम्स परिसर में आवासीय भवनों के निर्माण का काम पूरा हो चुका है।
साथ ही अस्थायी ओपीडी के लिए भवन काफी पहले से ही तैयार है, लेकिन ओपीडी शुरू नहीं होने के कारण भवन जर्जर हो गया था। शासन की मंशा पर ओपीडी के अस्थायी भवन को दुरुस्त कराने का काम शुरू हो गया है।
दरियापुर एम्स की ओपीडी 15 जुलाई तक हर हाल में शुरू कराने के लिए सोमवार को लखनऊ में प्रमुख सचिव ने अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें भारत सरकार के अंडर सेक्रेटरी भी शामिल हुए। जिले से सिटी मजिस्ट्रेट आलोक कुमार बैठक में शामिल हुए।
प्रमुख सचिव ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि एम्स परिसर की समस्याओं को समय से दूर करा दिया जाए। जिन पेड़ों की कटान जरूरी है, उन्हें कटवा दिया जाए।
पुराने व जर्जर भवनों को गिरवाने के साथ ही अन्य जो भी समस्याएं हैं उन्हें दूर कराया जाए। प्रमुख सचिव ने एम्स के लिए डॉक्टरों व अन्य स्टाफ की भर्ती का काम भी जुलाई के पहले सप्ताह तक पूरा कराने के आदेश दिए।
एम्स दरियापुर के लिए डॉक्टरों और स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया पूरी कराने की जिम्मेदारी पीजीआई चंडीगढ़ को सौंपी गई है। प्रमुख सचिव ने भारत सरकार से आए अंडर सेक्रेटरी को निर्देशित किया कि वे पीजीआई चंडीगढ़ को समय से भर्ती प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश देकर समय से काम पूरे कराएं। जुलाई के पहले सप्ताह तक काम को पूरा कराने के लिए कहा गया है।
एम्स दरियापुर के मुख्य भवन का निर्माण कार्य वर्ष 2020 तक पूरा हो सकता है। अब तक आवासीय और अस्थायी ओपीडी के भवन का काम ही पूरा हो सका है। प्रशासनिक और अस्पताल भवन के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। जल्द ही काम शुरू हो जाएगा। हालांकि इस भवन के पूर्ण होने में दो साल तक लग सकते हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट आलोक कुमार ने बताया कि, एम्स दरियापुर की ओपीडी को लेकर सोमवार को लखनऊ में प्रमुख सचिव ने बैठक ली। क्षेत्रीय समस्याओं को जल्द ही दूर कराने के साथ ही एम्स के लिए डॉक्टरों व स्टाफ की भर्ती की प्रक्रिया को भी जुलाई के पहले सप्ताह तक पूरा कराने के लिए कहा है। उम्मीद है कि 15 जुलाई तक ओपीडी शुरू हो जाएगी।