पावर कॉर्पोरेशन के एक्सईएन व लालगंज कोतवाल आमने-सामने
रायबरेली। बिजली चोरी रोकने के लिए मुकदमे दर्ज कराने को लेकर पावर कॉर्पोरेशन के एक्सईएन और लालगंज कोतवाल आमने-सामने आ गए हैं। एक्सईएन का आरोप है कि लालगंज कोतवाल बिजली चोरी को बढ़वा दे रहे हैं। करीब 35 मामले ऐसे हैं, जिनकी तहरीर कोतवाली में पड़ी, लेकिन अब तक मामलों में एफआईआर दर्ज नहीं की गई। जेई और एसडीओ को 10 दिनों से दौड़ाया जा रहा है। मामले को अधिशासी अभियंता ने क्षेत्राधिकारी को भी अवगत कराया। बावजूद इसके अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उधर, लालगंज कोतवाल रवींद्र सिंह का कहना है कि उन उगाही के लिए पावर कॉर्पोरेशन के अभियंता किसानों पर दबाव बनाते हैं। रुपया नहीं देने पर मुकदमा दर्ज करा दिया जाता है।
लालगंज वितरण खंड तृतीय के अधिशासी अभियंता पीके सिंह ने बताया कि लालगंज कोतवाली क्षेत्र में 10 दिनों में 35 उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करते पकड़ा गया। इनमें करीब 30 वह उपभोक्ता है, जिनका करीब 15 लाख रुपया बकाया होने पर कनेक्शन काटा गया था, लेकिन यह सभी उपभोक्ता बिना बकाया जमा किए ही कनेक्शन जोड़ लिया। इनके खिलाफ 138बी के तहत रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली लालगंज में तहरीर दी गई। इसी तरह पांच उपभोक्ताआें को बिना कनेक्शन के बिजली चोरी करते पकड़ा गया। 35 लोगों की तहरीर कोतवाली में दी गई, लेकिन अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। एक्सईएन ने बताया कि कोतवाली पुलिस का तनिक भी सहयोग नहीं मिल रहा है। जेई और एसडीओ को प्रतिदिन बुलाया जाता है, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की जाती है। इससे क्षेत्र में बिजली चोरी रोकने और राजस्व वसूली का काम प्रभावित हो रही है। वहीं लालगंज कोतवाल रवींद्र सिंह का कहना है कि उन उगाही के लिए पावर कॉर्पोरेशन के अभियंता किसानों पर दबाव बनाते हैं। रुपया नहीं देने पर मुकदमा दर्ज करा दिया जाता है। मामलों की जांच कराई जा रही है।