भेदभाव से बाज आएं अफसर, वरना होगी आरपार की लड़ाई
रायबरेली। पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने मंगलवार को ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में जनता की समस्याएं सुनी। बाबा का पुरवा में आयोजित सभा में पूर्व मंत्री ने कहा कि कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से पात्र लोगों का नाम आवास सूची से काटा जा रहा है।
यही नहीं इलाकाई लोगों ने कोटे से राशन न मिलने की समस्या को बताया। यह भी शिकायत की कि कोटेदार पात्र लोगों के राशन मांगने पर उन्हें भगा देते हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही उच्च अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। यदि भेदभाव बंद नहीं किया गया तो आर-पार की लड़ाई लड़ने को मजबूर होना पड़ेगा। डॉ. पांडेय ने गांव में पेयजल के लिए लगभग 25 हैंडपंप व सीसी रोड देने की घोषणा की।
पूर्व मंत्री ने इटौरा ग्राम सभा के बाबा का पुरवा, भाभीपुर, चौबेपुर, जीत का पुरवा, रायपुर, केमलपुर, खजुरी, तामसगढ़, हुल्ला का पुरवा, ऐहारी बुजुर्ग, पूरे झमनी, मानधाता छिपिया, निबावर पासी का अड्डा में सभा लगाकर जनता की समस्याएं सुनी और उन्हें दूर कराए जाने का भरोसा दिया। इस मौके पर रज्जन पटेल, लालता पटेल, केशव यादव, मुन्ना यादव, रतीपाल यादव, शिवराम पटेल, रघु पासी मौजूद रहे।