हादसों में महिला समेत दो की मौत
रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र में मंगलवार भोर में दौड़ लगा रहे एक युवक को जीप ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं डीह थाना क्षेत्र में सड़क पार कर रही महिला को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
भदोखर थाना क्षेत्र के मेजरगंज गांव का रहने वाला संदीप मौर्य (24) सेना में भर्ती होने के लिए हर रोज भोर में दौड़ लगाता था। वह मंगलवार भोर में रायबरेली-प्रतापगढ़ मार्ग पर दौड़ लगा रहा था। सलोन से जिला मुख्यालय की तरफ जा रही तेज रफ्तार जीप ने संदीप को चपेट में लिया। जीप से कुचलकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। यूपी 100 पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक घर का इकलौता चिराग था। उसके पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। घर में मां लक्ष्मी और बहन गीता है। संदीप की मौत से परिवारीजनों में कोहराम मच गया। एसओ ओम प्रकाश सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा। डीह थाना क्षेत्र के रामवन कुटिया मजरे जगदीशपुर गांव की रहने वाली राधा पत्नी दुलारे सुबह सड़क पार कर रही थी, तभी एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिसमें राधा गंभीर रूप से घायल हो गई। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान राधा की मौत हो गई। थानेदार शिवशंकर गुप्ता का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।