शहीदों की याद में छलक पड़े आंसू
रायबरेली। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय परिसर में बुधवार को कारगिल विजय दिवस समारोह मनाया गया। देश की खातिर जान गंवाने वाले कारगिल शहीद राजेंद्र यादव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। उनकी पत्नी और माता समेत चार अन्य वीर नारियों का भी सम्मान हुआ। वीर सपूतों को याद करके हर किसी की आंखें छलक पड़ी। सभी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और दो टूक कहा कि उनकी शहादत की वजह से आज देश सुरक्षित है। सभी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे भी देश की आन-बान शान के लिए हमेशा तैयार रहें।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय परिसर में पूर्वाह्न करीब 11 बजे कार्यक्रम शुरू हुआ। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी श्याम किशोर पांडेय और शहीद राजेंद्र यादव की पत्नी ललिता देवी, मां सुंदारा देवी ने शहीद राजेंद्र के चित्र और फिर शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित किए। सभी ने शहीदों को नमन किया। डलमऊ तहसील क्षेत्र के मुतवल्लीपुर के रहने वाले राजेंद्र यादव कारगिल युद्ध में दुश्मनों से लड़ते हुए शहीद हो गए थे। इस दौरान शहीद को याद करके उसकी पत्नी और मां की आंखें भर आई। यह देख वहां मौजूद अधिकारी व अन्य लोगों की आंखों में भी आंसू आ गए।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी की ओर से शहीद राजेंद्र की पत्नी व मां को दो-दो हजार रुपये के चेक देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा वीर नारियों रामपती, केशवती, निर्मला देवी और माधुरी शुक्ला को भी दो-दो हजार रुपये के चेक देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर पूर्व सैनिक लांसनायक शिव अधार सिंह, हवलदार शिव प्रताप सिंह, नायक रामकरन सिंह और महेंद्र बहादुर सिंह, रवींद्र नारायण, उमेश कुमार, राम मोहन मिश्रा, गिरीश कुमार वाजपेयी, कन्हैयालाल, मुन्नालाल मौजूद रहे।