महराजगंज कोतवाली क्षेत्र में छापामारी के दौरान बरामद की गई अंग्रेजी शराब।
हलोर। महराजगंज क्षेत्र में मंगलवार को एसओजी और पुलिस टीम की कार्रवाई में पंजाब से बिहार जा रहे एक ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लेने की चर्चा है। सूत्रों के अनुसार ट्रक से करीब 400 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई है। हालांकि पुलिस अधिकारी शराब बरामद होने की जानकारी से इन्कार कर रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर पुलिस और एसओजी टीम ने ट्रक को रोका था। बताया जा रहा है कि ट्रक पंजाब से अंग्रेजी शराब लादकर बिहार जा रहा था। बरामद शराब की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। सूत्रों का दावा है कि शराब पंजाब में तैयार की गई थी और उसे बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी थी।
बिहार में शराबबंदी के कारण पंजाब से उत्तर प्रदेश के रास्ते शराब की तस्करी किए जाने की बात सामने आती रही है। बताया जा रहा है कि पुलिस ट्रक चालक से पूछताछ कर रही है और बुधवार को मामले का खुलासा किया जा सकता है। सीओ महराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि अंग्रेजी शराब बरामद होने की जानकारी उन्हें नहीं है।