रायबरेली। ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में बीमा कंपनी का एजेंट बनकर एक व्यक्ति ने 11 लोगों से 40 लाख रुपये की ठगी कर ली। शिकायत पर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
अकोढ़िया गांव निवासी मनीष शुक्ल ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि अप्रैल 2019 में क्षेत्र के नारायणपुर निवासी एक व्यक्ति उनके घर आया और खुद को बीमा कंपनी का एजेंट बताया। उसने प्रलोभन देकर कुछ कंपनियों में पैसा निवेश करने की बात कही।
इस पर मनीष ने 10 लाख रुपये की आरडी और एफडी तोड़कर उसके द्वारा बताई गई कंपनी में निवेश कर दिया। क्षेत्र के 10 अन्य लोगों ने भी कंपनी में लाखों रुपये निवेश किया। कुल मिलाकर 40 लाख रुपये निवेश किए गए। खुद को कंपनी का एजेंट बताने वाले व्यक्ति ने कोई रसीद भी नहीं दी।
अब आरोपी कह रहा है कि कंपनी बंद कर दी गई है और हमने कंपनी से इस्तीफा दे दिया है। पीड़ित घनश्याम, रामसरन निषाद, रवि कुमार, अखिलेश पटेल, दिनेश कुमार, प्रदीप कुमार, धीरेंद्र कुमार, विजय कुमार, दिलीप आदि ने भी मामले में कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल पंकज तिवारी का कहना है कि मामला जानकारी में आया है। प्रकरण की तहरीर मिली है। जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।