रायबरेली। मुख्यमंत्री आवास योजना में अब पात्रता की श्रेणी को बढ़ा दिया गया है। जिले में अब तक 3909 पात्रों के लिए आवास निर्माण का काम पूरा हो चुका है। पात्रों की श्रेणी बढ़ने के बाद जिले में अब ज्यादा आवास मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। योजना के तहत अब सपेरा (सपेरिया), विमुक्त जाति और जोगी (अन्य पिछड़ा वर्ग) को भी आवास का लाभ मिलेगा।
डीआरडीए के परियोजना निदेशक सतीश प्रसाद मिश्रा ने बताया कि जिले में अब तक दैवीय आपदा प्रभावित परिवारों के साथ ही दिव्यांगजनों कुष्ठ रोगियों, निराश्रित महिलाओं, जेई-एईएस मरीजों, बंजारा, नट आदि को प्रधानमंत्री आवास के लिए अब तक पात्र माना जाता था। शासन से लक्ष्य मिलने के बाद इन्हीं पात्रों को चयनित कर आवास का लाभ दिया गया। उन्होंने बताया कि अब तक 3909 मुख्यमंत्री आवास पूर्ण कराए जा चुके हैं।
इन जातियों को आवास पात्रता की प्राथमिकता श्रेणी में शामिल किया गया है। शासन से लक्ष्य मिलते ही पात्रों का चयन कर मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ देने का काम किया जाएगा।