रायबरेली। गर्मी और उमस बढ़ने के साथ जिले में बिजली संकट गहरा गया है। इससे 34 लाख लोग बेहाल है। शहर से लेकर गांव तक लोगों को टुकड़ों में बिजली आपूर्ति की जा रही है। शेड्यूल पूरी तरह धड़ाम हो गया। मंगलवार को शहर से लेकर ग्रामीण अंचल तक बेतहाशा बिजली कटौती की गई। कहीं पर तकनीकी फॉल्ट तो कहीं ब्रेकडाउन और तार टूटने से बिजली गुल रही।
इससे भीषण गर्मी और उमस में लोगों को जूझना पड़ रहा है। शिवगढ़ में लोगों ने सड़क पर उतरकर नारेबाजी की। वहीं तार टूटने से राही ब्लॉक क्षेत्र के 30 गांवों की बत्ती गुल रही। शहर के प्रगतिपुरम उपकेंद्र की आपूर्ति दिन भर गुल रही। सुबह गई बिजली शाम को आई। इससे लोगों में जबरदस्त नाराजगी रही। यही हालत शहर के तेलियाकोट उपकेंद्र की रही।
बिजली आने-जाने का सिलसिला दिन भर लगा रहा। हालत यह है कि गांवों में 18 में महज आठ घंटे ही बिजली टुकड़ों में मिल रही है। खीरों, सतांव, डलमऊ, बछरावां, महराजगंज, जायस, डीह, सलोन, ऊंचाहार इलाकों में भी पावर कॉर्पोरेशन की मनमानी से जबरदस्त कटौती की जा रही है, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। शिवगढ़ क्षेत्र में तो लोग सड़क पर उतर आए।
हिंदू युवा वाहिनी कार्यकर्ता ओर व्यापारी नारेबाजी करते हुए बांदा-बहराइच राजमार्ग गोल चौराहे पर पहुंचे। जहां पावर कॉर्पोरेशन के खिलाफ नारे लगाए। चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह में बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। हिंदू युवा वाहिनी के ब्लॉक अध्यक्ष योगेश सिंह, सचिव दिलीप सिंह, उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह और व्यापारी अर्जुन सिंह, राहुल मिश्रा, शिवम गुप्ता, व शिवम सिंह चौहान आदि ने कहा कि बिजली आपूर्ति का शेड्यूल पूरी तरह धड़ाम हो गया है।
बारिश न होने से किसानों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। धान की रोपाई का काम नहीं हो पा रहा है। अवर अभियंता अजय कुमार ने बताया कि इस समस्या को कई बार उच्च अधिकारियों के सामने रखा गया है। प्रयास चल रहा है कि जल्द से जल्द होने वाली कटौती से निजात मिल सके। उधर, राही ब्लॉक क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र भुएमऊ उपकेंद्र का 33 केवी लाइन का तार पैतूपुर गांव के पास टूटने से करीब 30 गांवों की आपूर्ति बंद है। इससे ग्रामीणों में गहरी नाराजगी है।
उनका कहना है कि अधिकारियों की लापरवाही से आए दिन बिजली गुल रहती है। तार टूटने से लोधवारी, जरौला, अयासपुर डीही, भुएमऊ, रुस्तमपुर, चकरार, रतंसीपुर, रूपामऊ, आंटी, बंदरामऊ, गोदवारा आदि गांवों की आपूर्ति ठप है। जेई शंभूनाथ का कहना है कि तार जोड़कर जल्द ही आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी।
ऊंचाहार तहसील उपकेंद्र के लक्ष्मीगंज और जमुनापुर फीडर एक ही पैनल से चलाए जा रहे हैं। इससे कभी फॉल्ट तो कभी तार टूट जाते हैं। इसी फीडर से निकली लाइन का एक तार सवैया हसन के पास सोमवार रात टूट गया, जिससे कई गांवों की बत्ती गुल हो गई। रात को पावर कॉर्पोरेशन के कर्मचारी तार जोड़ने गए तो इलाकाई ग्रामीणों ने हंगामा किया।
यह कहते हुए तार जोड़ने से मना कर दिया कि पहले यहां पर खंभा लगाया जाए, ताकि ढीले तारों से छुटकारा मिल सके। मंगलवार को पोल पहुंचाया गया तो ग्रामीण नए तार लगाने पर अड़ गए। हंगामे पर 100 नंबर को सूचना दी गई। पुलिस पहुंची तो ग्रामीण भाग गए। अभी तक क्षेत्र में बिजली आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है।