फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चुनाव में गड़बड़ी की आशंका पर 33 हजार लोग पाबंद

विज्ञापन
विज्ञापन
रायबरेली। जिले के 33 हजार लोगों से न सिर्फ पंचायत चुुनाव में गड़बड़ी किए जाने की आशंका है, बल्कि वह वोटरों को चहेते प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने का दबाव भी बना सकते हैं। ऐसे में पुलिस इन सभी को शांतिभंग के तहत पाबंद करते हुए इनकी निगरानी करना शुरू कर दी है। पंचायत चुनाव को लेकर सुरक्षा का ताना बाना इस कदर बुना जा रहा है कि 1351 हिस्ट्रीशीटरों को थाने पर हर दिन हाजिरी लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं। उनका सत्यापन भी पुलिस की तरफ से कराया जा रहा है।
विज्ञापन

चुनाव में गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए 35 अपराधियों को जिला बदर भी कर दिया गया है। मौजूदा समय में गांवों में पंचायत चुनाव का शोर मचा है। सकुशल चुनाव कराने की जिम्मेदारी खाकी के कंधों पर है। ऐसे में पुलिस किसी तरह की चूक नहीं चाहती है। इसी देखते हुए पुलिस ने उन 33 हजार लोगों को 107-16 के तहत शांतिभंग में पाबंद कर दिया है, जिनसे चुनाव में गड़बड़ी करने, वोटरों को धमकाने की आशंका है। इसके अलावा अन्य लोगों को चिह्नित करने का काम कर रही है, जो चुनाव में बाधा उत्पन्न कर सकते हैं। पुुलिस की इस कार्रवाई से हड़कंप मचा हुआ है।
अवैध शस्त्रों के प्रयोग की आशंका, 62 बरामद
पंचायत चुनाव में जीत हासिल करने के लिए अवैध शस्त्रों के प्रयोग किए जाने की भी आशंका है। इसी देखते हुए पुलिस की तरफ से अब तक 315 बोर और 12 बोर के 62 अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं। एक अवैध शस्त्र फैक्टरी भी पकड़ी जा चुकी है। पुलिस रायबरेली के अलावा पड़ोसी जनपदों फतेहपुर, प्रतापगढ़, बाराबंकी आदि जनपदों से अवैध शस्त्रों की तस्करी रोकने के लिए अपराधियों पर नजर रख रही है।
विज्ञापन

80 पर गुंडाएक्ट, 345 पर मिनी गुंडाएक्ट
पंचायत चुनाव के मद्देनजर जिले के 80 लोगों पर गुंडाएक्ट की कार्रवाई की गई है। साथ ही 345 ऐसे लोग हैं, जिनके खिलाफ विभिन्न थानों की पुलिस की तरफ से मिनी गुंडाएक्ट की कार्रवाई की गई है। पुलिस का मानना है कि गुंडा एक्ट और मिनी गुंडाएक्ट की कार्रवाई होने से यह सभी पुलिस की निगरानी में रहेंगे और उन पर नजर रखी जा सकेगी।
वाहनों का हो रहा चालान, वसूले गए 47 लाख
पंचायत चुनाव में काफिले के साथ प्रत्याशी प्रचार न कर सके, इसके लिए भी पुलिस सख्ती बरत रही है। इसके तहत बिना दस्तावेज, बिना नंबर के जिले में दौड़ रहे वाहनों का चालान किया जा रहा है। अब तक चालान करके पुलिस की तरफ से 47 लाख का शमनशुल्क वसूला गया है।
अपराधियों की निरस्त कराई जा रही जमानत
पंचायत चुनाव आते ही जेल में बंद अपराधी सलाखों के बाहर आने के लिए जमानत कराने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस की तरफ से अपराधियों की जमानत निरस्त कराने के लिए काम कर रही है। अब तक कई अपराधियों की जमानत निरस्त कराई जा चुकी है। जेल से बाहर न निकल पाएं, इसके लिए गैंगेस्टर की कार्रवाई भी की जा रही है। चार अपराधियों पर गैंगेस्टर लगाया जा चुका है। वारंट जारी करके 115 लोगों को पकड़ा गया। थानों में रजिस्टर नंबर आठ बनाया गया है। इस रजिस्टर पर पंचायत चुनाव से जुड़ा हर लेखा जोखा नोट कराया जा रहा है।
अवैध शराब की रोकी जा रही तस्करी
पंचायत चुनाव में जीत हासिल करने के लिए वोटरों में अवैध शराब का प्रयोग किया जाता है। इसे रोकने के लिए पुलिस जिले की सीमाओं पर बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही है। अब तक भारी मात्रा में अवैध शराब पकड़ी जा चुकी है। 60 फीसदी लाइसेंसी शस्त्र भी जमा करा दिए गए हैं।
सकुशल पंचायत चुनाव कराने की पहली प्राथमिकता है। चुनाव में गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए 33 हजार लोगों को शांतिभंग के तहत पाबंद अब तक कराया जा चुका है। वोटरों को धमकाने वाले अराजकतत्वों के खिलाफ गुंडाएक्ट व मिनी गुंडाएक्ट की कार्रवाई भी कराई जा रही है। चुनाव में खलल डालने वाले कतई बख्शे नहीं जाएंगे। हिस्ट्रीशीटरों की निगरानी कराई जा रही है। वोटर किसी के दबाव में न आएं। वह निर्भीक होकर मतदान का हिस्सा बनें। यदि कोई धमकाता है तो उसकी सूचना पुलिस को दें। -श्लोक कुमार, एसपी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें