रायबरेली। शेयर मार्केट में टिप देने के बदले कमीशन लेने का झांसा देकर 32 लाख रुपये ठग लिए। अलग-अलग बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। पीड़ित ने दो जालसाजों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शहर के फिरोज गांधी नगर में रहने वाले प्रेम नारायण खुबेले ने सदर कोतवाली में तहरीर दी।
बताया कि वह पिछले दस माह से 30 से 35 हजार रुपये लगाकर शेयर मार्केट में स्टॉक ट्रेडिंग करते हैं। तीन माह पहले अंकित शर्मा ने फोन कर बताया कि वह शेयर मार्केट के लिए टिप देगा और बदले में 10 फीसदी कमीशन लेगा। इस तरह ट्रेड में 500 से 700 रुपये का फायदा होने लगा। प्रेम नारायण के मुताबिक इसके बाद अंकित ने बिग ट्रेड प्लेटफार्म में पैसा लगाने के लिए कहा।
इस पर उन्होंने बिग ट्रेड के मनोज कुमार से बात की और पांच लाख की लिमिट बनवा ली। इस तरह बिग ट्रेड से दो अगस्त को 4533 रुपये का मुनाफा मिला। इसके बाद ट्रेडिंग में नुकसान होने लगा। जब उन्होंने मनोज कुमार से रसीद मांगी तो पता चला कि ट्रेड हुआ ही नहीं था। आरोप लगाया कि अंकित और मनोज ने मिलकर तीन बार में 32 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। सदर कोतवाल शिव शंकर सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।