जगतपुर (रायबरेली)। ...खूब लड़ा मर्दाना वह तो शंकरपुर का राना था। कुछ ऐसी ही खूबियों का गुणगान करते हुए जब आल्हा गायन में स्वतंत्रता संग्राम के महानायक राना बेनी माधव सिंह की वीरता का बखान किया गया तो हर किसी में देशभक्ति का जज्बा हिलोरें मारने लगा।
मौका था राना बेनी माधव सिंह स्मारक इंटर कॉलेज शंकरपुर में श्रद्धांजलि सभा का, जहां उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के लिए विभिन्न संगठनों के लोग जुटे। जगतपुर विकास क्षेत्र में राना के गांव उड़वा के निकट स्थित विद्यालय में वहां के छात्र-छात्राओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में शामिल सात लोगों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
श्रद्धांजलि सभा में आल्हा गायक रामकेश यादव ने अपने गायन से राना की वीरता का बखान किया। साथ ही जादूगर अजय ने भी अपने हैरतअंगेज कारनामों से स्वतंत्रता आंदोलन का खाका खींचने की कोशिश की। विद्यालय के प्रबंधक हरचंद बहादुर सिंह ने श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे एसडीएम प्रदीप वर्मा, सीओ विनीत सिंह, कोतवाली निरीक्षक बृजमोहन सिंह, इंस्पेक्टर रामचंद्र शुक्ला का स्वागत किया।
सभी अतिथियों ने राना की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के जय सिंह सेंगर भी टीम के साथ सभा में शामिल होकर राना बेनी माधव सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस मौके पर प्रधानाचार्य देवीशंकर वर्मा, अमरनाथ सिंह, बुधेंद्र सिंह और राममोहन सिंह चौहान आदि मौजूद रहे। बच्चों ने भी ओजस्वी विचार व्यक्त किए।