फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिला प्रशासन की लापरवाही से बिक रहा चाइनीज मंझा

विज्ञापन
विज्ञापन
रायबरेली। जिला प्रशासन की लापरवाही से मकर संक्रांति पर प्रतिबंधित चाइनीज मांझा धड़ल्ले से बिक रहा है। सोमवार को चाइनीज मांझा की चपेट में आने से शिक्षिका समेत तीन लोगों का गला कट गया। गनीमत रही कि तीनों का पूरी तरह से गला नहीं कटा। तीनों घायलों का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया।
विज्ञापन



मिल एरिया थाना क्षेत्र के आईटीआई कॉलोनी निवासी शिवांगी सिंह न्यू स्टैंडर्ड बालिका विद्या मंदिर सेमरी कोठी सुपर मार्केट में पढ़ाती हैं। सुबह स्कूटी से शिक्षिका स्कूल जा रही थी। सारस होटल के पास कुछ लोग चाइनीज मांझा से पतंग उड़ा रहे थे। जैसे ही शिक्षिका सारस होटल के पास पहुंची, वैसे ही चाइनीज मांझा उसके गले में फंस गया। इससे शिक्षिका के गले और नाक पर चोट आ गई। उसे जिला अस्पताल भेजा गया।


वहीं, शहर के कल्लू का पुरवा निवासी बरसाती पावर कॉर्पोरेशन में बाबू पद पर तैनात है। रतापुर से बाइक से गोरा बाजार की तरफ रहा था। सिविल लाइंस के पास मांझा बाबू के गले में फंस गया, उससे बरसाती जख्मी हो गया। उसकी एक अंगुली में भी चोट आई। उसका अस्पताल में इलाज कराया गया।
विज्ञापन



उधर, जगतपुर थाना क्षेत्र के हरदी टीकर निवासी विजय तिवारी खेती किसानी करता है। बताते हैं कि गांव में कुछ लोग पतंग उड़ा रहे थे। इसी दौरान चाइनीज मांझा की चपेट में आकर विजय तिवारी का गला कट गया। सीएचसी जगतपुर से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां पर उसका इलाज किया गया। इन घटनाओं से जाहिर है कि पुलिस-प्रशासन की ढिलाई से चाइनीज मांझा बिक रहा है, जो प्रतिबंधित है। इसके बावजूद दुकानदारों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है।


इनसेट
चौराहों पर लगीं दुकानें
शहर के विभिन्न चौराहों पर चाइनीज मांझा बिक्री करते हुए देखा जा सकता है। शहर के सब्जी मंडी के पास पतंग मार्केट, सुपर मार्केट, घंटाघर चौराहा, जिला अस्पताल चौराहा, बस स्टेशन चौराहा, मुंशीगंज चौराहा पर चाइनीच मांझा धड़ल्ले से बिक रहा है। युवा पतंग उड़ाने के लिए मांझा की खरीदारी कर रहे हैं। इस पर रोक लगानी चाहिए। एसपी सुनील कुमार सिंह का कहना है कि थानेदारों को निर्देश दिए गए हैं कि चाइनीज मांझा की बिक्री न होने पाए। यदि कोई बेच रहा है तो कार्रवाई की जाएगी।


इनसेट
और कट जाता तो चली जाती विजय की जान : डॉक्टर
जिला अस्पताल की इमरजेंसी के ईएमओ डॉ. संतोष सिंह का कहना है कि जगतपुर थाना क्षेत्र के हरदीटीकर निवासी विजय तिवारी का गला आठ सेमी तक कट गया था। थोड़ा गला और कट जाता तो विजय की जान चली जाती है। पतंग उड़ाने में चाइनीज मांझा का प्रयोग न किया जाए तो अच्छा रहेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें