जायस/फुरसतगंज (रायबरेली)। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी की जनता को तीन करोड़ पांच लाख रुपये की सौैगात दी। करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाले संपर्क मार्गों, सामुदायिक केंद्रों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। जायस कस्बे में बस स्टेशन बनाने की जहां घोषणा की, वहीं मलिक मोहम्मद जायसी शोध संस्थान की सूरत बदलने का एलान किया। उन्होंने कहा है कि अमेठी संसदीय क्षेत्र में विकास का पहिया नहीं रुकेगा। यहां की जो समस्याएं हैं, उन्हें दूर कराया जाएगा।
जायस कस्बा स्थित मलिक मोहम्मद जायसी शोध संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में दोपहर बाद पहुंचे राहुल गांधी ने फीता काटकर विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। सांसद निधि से एक करोड़ 75 लाख के संपर्क मार्गों का लोकार्पण किया। एक करोड़ छह लाख से बनने वाली सड़कों व सामुदायिक केंद्रों का शिलान्यास किया। साथ ही 24 लाख के मोबाइल विद्युत ट्रांसफार्मर का लोकार्पण किया और हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
राहुल गांधी ने कहा कि जायस की जनता अरसे से बस स्टेशन बनवाने की मांग कर रही है। जल्द यहां की जनता की मांग पूरी होगी। उन्होंने कहा कि सेंट्रल स्कूल की हमारी सरकार ने हरी झंडी दे दी थी। फाइल का नामोनिशान मिटा दिया गया है। जल्द सेंट्रल स्कूल खुलवाने के प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि मलिक मोहम्मद जायसी शोध संस्थान का कायाकल्प होगा। इसके लिए सांसद निधि से 30 लाख रुपये दिए हैं। इसकी साफ-सफाई के साथ पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा अन्य मेंटीनेंस के कार्य कराए जाएंगे, ताकि यह शोध संस्थान बेहतर हो सके।
जायस पीएचसी को सीएचसी बनवाने का भी एलान किया। साथ ही गर्ल्स इंटर कॉलेज में लड़कियों को पेयजल सुविधा मुहैया करानेे के लिए एक आरो प्लांट लगवाने की घोषणा की। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि चंद्रकांत दुबे, प्रदीप सिंघल, हाजी इम्तियाज खां, नदीम अशरफ, योगेश मिश्रा, दीपक सिंह, शकील इदरीशी, इंद्र प्रसाद माली, पवन शुक्ला, रामनारायण कनौजिया, इरशाद अहमद, मो. शफीक, इशरत हुसैन आदि मौजूद रहे।