खीरों (रायबरेली)। थाना पुलिस ने खीरों कस्बे में कोटे की एक दुकान में ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लादा जा रहा 41 बोरा गेहूं पकड़ा। आरोप है कि कालाबाजारी के लिए राशन भेजा जा रहा था।
पुलिस को देखते ही ट्रैक्टर का चालक भाग गया। पुलिस ने गेहूं लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। गुरुवार सुबह आपूर्ति विभाग की टीम ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को कोटे के राशन की कालाबाजारी किए जाने की बुधवार रात सूचना मिली। पुलिस ने कोटे की दुकान पर पहुंचकर गेहूं से लदी ट्रॉली को पकड़ लिया।
पुलिस के पहुंचते ही चालक भाग गया। सूचना पर गुरुवार सुबह पूर्ति निरीक्षक कौमुदी पाल, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अनिल कुमार, हरेंद्र सिंह आदि की टीम जांच करने के लिए पहुंची।
ट्रॉली पर लदे 41 बोरा गेहूं अजीतपुर में सरकारी गोदाम भेज दिया गया। खीरों कोटेदार की दुकान पर पहुंचकर स्टाक व अभिलेखों की जांच की।
पूर्ति निरीक्षक कौमुदी पाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद उच्चाधिकारियों को इसकी रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
खीरों कोटेदार सुनील तिवारी ने बताया कि उसकी दुकान में स्टाक रजिस्टर के अनुसार राशन मौजूद है। ट्रैक्टर व उस पर लदा गया गेहूं उसके पिता की खेती का है।
उधर, खीरों के पूर्व प्रधान सुरेश चौधरी व जेनापुर निवासी राकेश सिंह तथा अन्य ग्रामीणों का आरोप है कि गरीबों का राशन कालाबाजारी करने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन विभाग की टीम मामले में लीपापोती करने का प्रयास कर रही है।