कोटे की 95 दुकानों की जांच, कई जगह मिली गड़बड़ी
रायबरेली। कोटेदारों की मनमानी की मिल रही शिकायतों पर डीएम के आदेश पर जिले की 95 सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों की जांच कराई गई।
दुकानों पर राशन के स्टॉक और वितरण की पड़ताल की गई। कई दुकानों पर गड़बड़ी की आशंका है। जिला पूर्ति कार्यालय में जांच रिपोर्ट जमा हो रही है।
शुक्रवार को गड़बड़ियों वाली कोटे की दुकानों के कोटेदारों पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हालांकि कोटेदार मामले को रफा-दफा कराने के लिए हाथ पैर मारने में जुट गए हैं।
रोजाना डीएम के स्तर पर कोटे की दुकानों के खिलाफ शिकायतें पहुंच रही हैं। कहीं गरीबों को कम राशन देने और कहीं कोटेदारों द्वारा मनमानी करने की शिकायतें आ रही है।
डीएम संजय कुमार खत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी ब्लॉकों की पांच-पांच कोटे की दुकानों की जांच कराई। डीएम ने जिलास्तरीय अधिकारियों की टीम को दुकानों की जांच के लिए लगाया है।
गुरुवार को जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय में जमा हो रही है। बताते हैं कि कोटे की कई दुकानों पर स्टॉक कम मिला है।
हालांकि कोटेदार कार्रवाई से बचने के लिए हाथ पैर मारने में जुट गए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी केएन सिंह ने बताया कि डीएम के आदेश पर कोटे की 95 दुकानों पर गेहूं, चावल और केरोसिन के स्टॉक और वितरण की जांच कराई गई है। अधिकारी रिपोर्ट दे रहे हैं।
शुक्रवार को पूरी रिपोर्ट आने के बाद जिन कोटे की दुकानों पर स्टॉक में गड़बड़ी मिलेगी उन कोटेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।