आरडीए के एई व जेई को प्रतिकूल प्रविष्टि की चेतावनी
रायबरेली। डीएम व आरडीए के उपाध्यक्ष संजय कुमार खत्री ने निर्माणाधीन कार्यों और प्रवर्तन की समीक्षा की। लक्ष्य के सापेक्ष अवैध भवनों की कंपाउंडिंग व अन्य कार्यों में सुस्ती मिलने पर सहायक अभियंताओं और अवर अभियंताओं को प्रतिकूल प्रविष्टि देने की चेतावनी दी।
जुलाई में टारगेट पूरा न करने पर कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि निर्माणाधीन आवासों का काम जल्द से जल्द पूरा कराया जाए, जिससे जल्द ही आवंटियों को दिया जा सके।
समीक्षा बैठक में डीएम ने पाया कि जून में अवर अभियंताओं ने अवैध भवनों की कंपाउंडिंग का काम लक्ष्य के सापेक्ष पूरा नहीं किया।
बताते हैं कि कई अवर अभियंता अपना तबादला कराने के जुगाड़ में थे, इसीलिए काम नहीं किया। समीक्षा में काम लक्ष्य के सापेक्ष न मिलने पर डीएम ने सभी सहायक अभियंताओं और अवर अभियंताओं पर कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जुलाई महीने में लक्ष्य के सापेक्ष काम न करने पर प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी।
डीएम ने एकता विहार और अमोल विहार में निर्माणाधीन आवासों की समीक्षा करते हुए कहा कि जल्द से जल्द भवनों के निर्माण का काम पूरा कराया जाए, जिससे आवंटियों को आवंटन किया जा सके।
उन्होंने शहर में आरडीए से चल रहे अन्य कार्यों को भी समय से गुणवत्तापरक तरीके से पूरा कराने के आदेश दिए। इस मौके पर अधिशासी अभियंता एके राय, एई एम. अहमद, एनएस चौहान, जेई सुनील त्यागी, रबीश अग्रवाल, धनेश कुमार, महेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।