लाडलों पर गर्मी की मार, बुखार व डायरिया से 35 बीमार
रायबरेली। बेतहाशा गर्मी में बच्चे डायरिया और बुखार की चपेट में आ रहे हैं। मौजूदा समय में 35 बच्चे डायरिया और बुखार की चपेट में आकर भर्ती हैं।
चिकित्सकों की मानें तो तल्ख भरी गर्मी इन बच्चों के बीमार होने की वजह है। ऐसे में अभिभावकों को अपने बच्चों की देखभाल करना अधिक जरूरी हो गया है।
इन दिनों गर्मी की तपिश से हर कोई बेहाल है। हालात ये हैं कि अधिकतम पारा 44 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। जिला अस्पताल का बच्चा वार्ड 44 बेड का है।
रविवार को इस वार्ड में 35 बच्चे भर्ती थे। इसमें से अधिकतर बच्चे बुखार और डायरिया से पीड़ित थे। इन बच्चों के बीमार होने की वजह गर्मी बताई गई।
राही ब्लॉक क्षेत्र के सैदनपुर गांव की रहने वाली नंदनी (छह माह), स्योंठी निवासी अंकुश (5), बहादुरपुर निवासी सज्जाद (4), हरचंदपुर क्षेत्र के सरगही निवासी प्रानू (4), उतरपारा निवासी शुभ (3), जगदीशपुर निवासी हर्षित (4), उतरपारा निवासी इश्ना बानो (3) आदि को बुखार और डायरिया से पीड़ित होने पर भर्ती कराया गया है।