शादी तय होने के बाद युवती से 3.70 लाख हड़पे, दहेज न देने पर तोड़ा रिश्ता
युवक, उसकी मां समेत तीन लोगों पर केस
रायबरेली। शादी तय होने के बाद धोखे से युवती को बहला फुसलाकर 3.70 लाख रुपये हड़प लिए गए। यही नही शादी में और अधिक दहेज की मांग न पूरी होने पर रिश्ता भी तोड़ दिया। मामले में सीओ के निर्देश पर सलोन पुलिस ने तहरीर पर लड़के की मां समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज किया है।
कस्बा सलोन के मोहल्ला मिलकियाना निवासी वाहिद ने सीओ विनीत सिंह को शिकायतीपत्र देकर आरोप लगाया कि उसने अपनी बहन शबनम की शादी जनपद अमेठी थाना जायस के निखया गांव निवासी अनवर के पुत्र कल्लू के साथ तय की थी। इस बीच लड़के और उसके परिवारीजन बहन से फोन पर बराबर बात करते थे।
इसी बीच विपक्षियों द्वारा उसकी बहन को बहला फुसलाकर 3.70 रुपये ले लिए। मामले की जानकारी पर पैसा वापस मांगा गया, लेकिन विपक्षियों ने देने से मना कर दिया। यही नहीं उक्त लोगों ने धमकी दे दी कि अगर शादी में और नगदी नही मिली तो शादी नही होगी। सलोन कोतवाल बृजमोहन ने बताया कि सीओ के निर्देश पर तहरीर पर कल्लू, उसकी मां अफसरी बानों और उसके भाई राजू के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।