रायबरेली। सर्दी बढ़ने के साथ ही जिले में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को भी 29 लोग चपेट में आ गए। हालांकि 35 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर भी पहुंचे। नए मरीजों को इलाज के लिए रेल कोच कारखाने के एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर अग्निशमन विभाग की टीम ने शहर के मोहल्लों में सैनिटाइजेशन का काम शनिवार को भी जारी रखा।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि जिले में शनिवार को 2110 लोगों की जांच की गई है। इसमें 29 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मरीजों को इलाज के लिए एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संक्रमित होने के बाद पहले से अस्पताल में भर्ती 35 लोग डिस्चार्ज करके घर भेज दिए गए हैं। जिले में अब तक 4496 लोग संक्रमित हो चुके हैं।
इसमें 4106 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। अब तक 96 मरीजों की मौत हो चुकी है, जबकि 294 मरीजों का इलाज चल रहा है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आरके पांडेय ने बताया कि शनिवार को शहर के पुलिस चौकी इंदिरा नगर, कोतवाली, महिला थाना, सुपर मार्केट स्थित पुलिस बूथ, रॉयन इंटरनेशनल स्कूल, भगवंत कौर नगर, राजकीय कॉलोनी आदि क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन का काम किया गया है।