रायबरेली। जिले में सोमवार को हवा और बारिश से बिजली आपूर्ति व्यवस्था बेपटरी हो गई। इसका नतीजा यह रहा कि मंगलवार को भी 250 गांवों की बिजली नहीं आई। इससे लोगों को पेयजल संकट झेलना पड़ा। गर्मी से लोग बेहाल रहे।
सोमवार दोपहर से मौसम का मिजाज बदल गया। दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए। शाम करीब छह बजे हवा के साथ बारिश हुई। इससे बिजली आपूर्ति बेपटरी हो गई। विद्युत उपकेंद्र गदागंज, उतरपारा की 33 केवी लाइन में फॉल्ट आया। अवर अभियंता व संविदा कर्मियों की मदद से सोमवार रात 12 बजे बिजली बहाल हो सकी। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
विद्युत उपकेंद्र अटौरा से जुड़े गांव रातभर अंधेरे में रहे। यहां पर मंगलवार सुबह छह बजे बिजली आई। विद्युत उपकेंद्र जगतपुर से जुड़े उमरी, पारी, कैनाल, झकरासी, थुलरई फीडर की लाइनों में फॉल्ट रहा। कई जगह बिजली के पोल टूट गए। इस कारण 100 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप है।
इसी तरह रसूलपुर और कठगर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करीब 150 गांवों के लोग बिजली न आने से परेशान रहे। अधीक्षण अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि बारिश और हवा चलने से बिजली प्रभावित थी। सभी जगह बिजली आपूर्ति बहाल कराने के लिए टीमें लगी हैं।
13 घंटे बाद बहाल हुई बिजली
हलोर। क्षेत्र में बारिश और हवा चलने से 13 घंटे बिजली गुल रही। सोमवार रात करीब 10 बजे बत्ती गुल हो गई। मझिगवां, पहाड़गंज, अलीपुर, धौकलगंज, कटरा, कुशलगंज, बरजोरगंज, भवनियापुर, जंगलिन गांव के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। मंगलवार दोपहर 11 बजे विद्युत व्यवस्था बहाल हो पाई। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।