25 क्विंटल रंगीन कचरी व 61 किलो घी सीज, 2.50 क्विंटल घटिया पनीर नष्ट
- मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान में दुकान का लाइसेंस निरस्त, ढाई क्विंटल कलकतिया पाउडर पकड़ा
- छह कारोबारियों को नोटिस, बिना लाइसेंस मिला काम
रायबरेली। होली पर मिलावटखोरी के खिलाफ सिटी मजिस्ट्रेट युगराज सिंह के नेतृत्व में चल रहे अभियान में मंगलवार को करीब 25 क्विंटल रंगीन कचरी व 61 किलो घी सील कर दिया गया। इसके अलावा 2.50 क्विंटल घटिया पनीर को नष्ट कराया गया। टीम ने पनीर बनाने के लिए रखा करीब ढाई क्विंटल कलकतिया पाउडर भी बरामद किया।
विभाग ने करीब नौ लाख कीमत के दूषित खाद्य पदार्थों को नष्ट व सील करते हुए रंग-बिरंगी कचरी, पनीर, खोवा समेत 12 नमूने भरकर जांच के लिए विधि विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे। पप्पू पनीर के लाइसेंस को निरस्त करने के साथ ही बिना लाइसेंस के खाद्य पदार्थों का निर्माण करने पर पांच कारोबारियों को नोटिस दिया गया।
सिटी मजिस्ट्रेट व एफएसडीए के अभिहित अधिकारी इंद्र बहादुर यादव के नेतृत्व में मंगलवार सुबह एफएसओ की टीम सबसे पहले शहर के मोहद्दीनपुर स्थित दीप डेयरी में पहुंची। यहां एफएसओ राजेश तिवारी ने घी व अमरनाथ ने पनीर और खोवा का नमूना भरा। बिना लाइलेंस के पनीर, खोवा आदि का निर्माण करने पर रोक लगा दी।
शहर के नयापुरवा स्थित पप्पू पनीर के गोदाम में छापा मारा गया तो यहां से ढाई क्विंटल घटिया पनीर बरामद हुया। पनीर को नष्ट करा दिया गया। यहां से एफएसओ नितिन कुमार ने कलकतिया पाउडर, पनीर और क्रीम का नमूना सील किया। ढाई क्विंटल कलकतिया पाउडर भी सीज कर दिया गया।
इसके अलावा टीम ने जनता डेयरी से पनीर, खोवा मंडी में शशिभूषण की दुकान से खोवा और यादव डेयरी से खोवा का नमूना सील किया। शाम में टीम ने शहर के सुल्तानपुर रोड स्थित दूरभाष नगर में बालाजी फूड्स में छापा मारा। यहां करीब 25 क्विंटल रंगीन कचरी को बरामद कर सील कर दिया गया।
एफएसओ अपराजिता तिवारी, रमाशंकर और स्वाति सिंह ने मिक्स कलर व पीली और लाल रंग की कचरी का नमूना सील किया। रंगीन कचरी की कीमत सात लाख रुपये बताई जा रही है। सिटी मजिस्ट्रेट युगराज सिंह ने बताया कि बुधवार से रंगीन कचरी, चिप्स, पापड़ आदि के खिलाफ अभियान चलेगा।
बाजार में कहीं भी रंगीन खाद्य पदार्थ बिकता पाया गया तो उसे जब्त करके संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा अन्य दूषित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर भी नजर रखी जाएगी। मिलावटखोरों को होली पर मनमानी करने की छूट नहीं दी जाएगी।