मुरैठी माइनर ओवरफ्लो होने से जलमग्न हुए खेत।
- फोटो : मुरैठी माइनर ओवरफ्लो होने से जलमग्न हुए खेत।
गदागंज। हमीरमऊ ग्राम पंचायत के पूरे राठौरन के पास शुक्रवार को मुरैठी माइनर ओवरफ्लो हो गई, जिससे करीब 25 बीघे गेहूं व सरसों की फसल जलमग्न हो गई। घटना से नाराज किसानों ने सिंचाई विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर मुआवजा दिलाए जाने की मांग की है।
गांव के दल बहादुर सिंह ने बताया कि गांव पास मुरैठी माइनर निकली है। माइनर की साफ सफाई में लापरवाही करने के कारण पानी ओवरफ्लो हो गया। नहर के पानी से फसलें डूब गई हैं। किसान मोहित, विशाल और ननकू का कहना है कि फसल बर्बाद होने से आजीविका पर संकट आ गया है। नहर विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नहर के किनारे नारेबाजी की और मुवावजा दिलाने की मांग की। सिंचाई विभाग के अवर अभियंता हरिश्चंद्र ने बताया कि नहर ओवरफ्लो होने की सूचना के बाद नहर को बंद कराया गया है। जांच कराई जाएगी।