रायबरेली। राही ब्लॉक क्षेत्र के उतरपारा उपकेंद्र संविदा कर्मियों के सहारे चल रहा है। कोई अभियंता देखने और सुनने वाला नहीं है। यही वजह है कि 24 घंटे से बिजली आपूर्ति बंद है। इससे 50 हजार लोग बेहाल है। लोगों का कहना है कि न तो कभी उपकेंद्र का फोन मिलता है न हीं यहां कभी अवर अभियंता आते हैं। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
उतरापारा उपकेंद्र से मधुपुरी और बेलाभेला फीडर निकले हैं। इन फीडरों से उतरपारा, सूजरकुंडा, नथईपुर, पूरे बैसन, सुलखियापुर, मधुपुरी, सुल्तानपुर आइमा, दूली का पुरवा, गुरू का पुरवा, अजरहा, बेला टेकाई, बेला गुसीसी समेत 40 गांवों को बिजली आपूर्ति होती है। दो दिन से दोनों फीडरों में कहीं तार टूट रहा है तो कहीं पर इंसुलेटर खराब हो रहा है।
उपभोक्ता नंद किशोर साहू, जगदीश यादव, पवन कुमार, राजेंद्र कुमार, मनीष पाठक ने बताया कि लाइनें जमीन छू रही हैं। ट्री कटिंग कराई ही नहीं जाती है। हल्की बारिश और हवा चलने से आपूर्ति धड़ाम हो जाती है। इसकी शिकायत कई बार उच्च अधिकारियों से की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। एक्सईएन घनश्याम ने बताया कि आपूर्ति बंद होने की जानकारी नहीं है। आपूर्ति कहां से बंद है, क्या फॉल्ट है। मरम्मत कराकर आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।