रायबरेली। शहर में पानी की समस्या से नागरिकों को राहत मिलेगी। 23 हजार शहरवासियों को पानी का कनेक्शन जल्द मिलेगा। इसके लिए अधूरे पड़े मोहल्लों में भी पाइप लाइन बिछाने का काम किया जाएगा। यह काम उन मोहल्ले में होगा, जहां पर अभी तक न तो पाइप लाइन बिछी थी और न ही लोगों को पेयजल की सुविधा मिल पा रही थी।
अफसरों का मानना है कि पानी की किल्लत किसी भी मोहल्ले में न रहे, इसके लिए अमृत योजना के तहत पानी की सुविधा लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। शहर क्षेत्र के 34 वार्डों में ढाई लाख लोग रहते है। अमृत योजना के तहत शहर क्षेत्र में पाइप लाइनें बिछाने, नए पानी की टंकियों की स्थापना का काम शुरू कराया गया था, लेकिन कुछ ऐसे मोहल्ले थे, जहां पर अब भी पानी की पाइप लाइन नहीं बिछाई गई थी।
इस वजह से इन मोहल्ले के लोगों को पानी की समस्या से किल्लत जूझना पड़ रहा था। अब अमृत योजना के तहत जिन मोहल्लों में पानी की पाइप लाइनें नहीं बिछाई गई हैं, वहां पर यह कार्य होने को हरी झंडी मिल गई है। इस योजना के तहत जलनिगम और नगर पालिका के प्रयास से खसपरी, प्रगतिपुरम, राना नगर, आजाद नगर, कल्लू का पुरवा, अहियारायपुर, जवाहर विहार, गोरा बाजार समेत अन्य मोहल्लों में 38 किमी. पाइप लाइन बिछाई जाएगी।
इस पर 2642.98 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन मोहल्लों में 23 हजार नागरिकों को पानी का कनेक्शन देने का खाका तैयार किया गया है। सदर विधायक अदिति सिंह ने सोमवार को शहर के वार्ड नंबर तीन देवानंदपुर मोहल्ले में पालिकाध्यक्ष पूर्णिमा श्रीवास्तव के साथ पूजा-अर्चना के साथ इस कार्य का शुभारंभ किया।
विधायक ने कहा कि शहर क्षेत्र के विकास पर पूरा फोकस किया जा रहा है। प्रयास है कि नागरिकों को पानी, सड़क समेत अन्य सुविधाएं मिलें। शहर के जिन क्षेत्रों में पानी की असुविधा से लोगों को दो चार होना पड़ रहा था, वहां पर पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू कराया गया है। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि नगरवासियों को भरपूर पानी उपलब्ध कराने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।