रायबरेली-डीह। तलाक की चाहत में एक पत्नी ने अपने पति के अपहरण की साजिश रच डाली। अपने मामा समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर पति का अपहरण कर लिया।
रातभर उसे एक कमरे में बंधक बनाए रखा। तलाक लिया, कागज में लिखवा लिया। विरोध करने पर उसकी जमकर धुनाई की। सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर युवक को बरामद करते हुए आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। महिला का मामा समेत अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
डीह के जगतपुर मजरे परशदेपुर गांव निवासी रियासत की शादी सात साल पहले नसीराबाद थाना क्षेत्र के पूरे नयन मजरे काटा की रहने वाली फिरोजजहां के साथ हुई थी।
दोनों में अनबन चल रही थी। इसी रंजिश के चलते पत्नी पति से तलाक चाहती थी। तलाक पाने के लिए पत्नी ने अपने मामा कल्लू व तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर पति रियासत का एसयूवी से अपहरण कर लिया।
सूचना युवक के मामा मुस्तफा ने पुलिस को दी। एसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि अपहरण की सूचना पर पुलिस को सतर्क कर दिया गया।
एसओ लालचंद्र सरोज ने बभनपुर के पास छापा मारकर फिरोजजहां को दबोच लिया, जबकि अन्य आरोपी भाग गए। एसपी ने बताया कि रातभर पत्नी समेत अन्य आरोपी युवक को बंधक बनाए रहे। मारापीटा। साथ ही उससे तलाक ले लिया। बकायदा कागज में लिखवा भी लिया। फरार आरोपियों की तलाश कराई जा रही है।