तीन करोड़ से नए लुक में दिखेगा अपना बस स्टेशन
रायबरेली। अब अपना बस स्टेशन नए लुक में दिखेगा। बसों से हर दिन सफर करने वाले 25 हजार से ज्यादा मुसाफिरों को बैठने के लिए न सिर्फ अच्छी व्यवस्था मिलेगी, बल्कि शुद्ध पेयजल मिलेगा।
बस स्टेशन पर पार्किंग की व्यवस्था होगी। बस स्टेशन के विस्तार करने को हरी झंडी मिल गई है। इस पर करीब तीन करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसका प्रस्ताव पास हो गया है। मौजूदा समय में बस स्टेशन परिसर में संचालित कार्यशाला झकरासी में शिफ्ट होगी।
करीब पांच बीघा में बना बस स्टेशन शहर के भीड़भाड़ वाले स्थान पर है। इसमें आधी जमीन पर वर्कशॉप बना हुआ है। बस स्टेशन पर जगह कम होेने से हर समय जाम लगता है।
यहां तक यात्रियों के बैठने तक के लिए उचित व्यवस्था नहीं है। बारिश में जलभराव रहता है। समुचित पेयजल व्यवस्था भी नहीं है।
नतीजतन हर दिन यहां पहुंचने वाले 25 हजार मुसाफिरों को मुसीबत झेलनी पड़ती है। अब बस स्टेशन के सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव को हरी झंडी मिल गई है।
यहां पर बने वर्कशॉप को झकरासी के पास शिफ्ट किया जाएगा। झकरासी में तीन एकड़ में नया वर्कशॉप बनेगा। वर्कशॉप हटने के बाद खाली हुई जमीन पर स्टेशन आने वाले यात्रियों के बैठने की व्यवस्था होगी। साथ ही पार्किंग व अन्य सुविधाएं भी दुरुस्त की जाएगी।